लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में एक शिक्षक पर छात्रा से कथित आपत्तिजनक बातचीत करने और परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र दिखाने का दावा करने का गंभीर मामला सामने आया है। शिकायत के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने जांच शुरू करते हुए आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
लखनऊ विश्वविद्यालय में एक प्रोफेसर पर छात्रा से कथित आपत्तिजनक बातचीत करने और परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक करने का दावा करने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपी शिक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो क्लिप में प्राणिविज्ञान विभाग के प्रोफेसर डॉ. परमजीत सिंह कथित तौर पर छात्रा से अभद्र बातचीत करते और परीक्षा से पहले पेपर उपलब्ध कराने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। ऑडियो वायरल होने के बाद छात्रा ने विश्वविद्यालय प्रशासन से शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय ने आंतरिक शिकायत समिति गठित की है। कुलपति जे.पी. सैनी ने समिति को 24 घंटे में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। वहीं परीक्षा नियंत्रक की शिकायत पर हसनगंज थाने में आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक मामले की जांच सहायक पुलिस आयुक्त स्तर के अधिकारी द्वारा की जाएगी। छात्रा द्वारा सौंपे गए ऑडियो क्लिप और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। हालांकि आरोपी प्रोफेसर ने खुद पर लगे सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि विश्वविद्यालय की आंतरिक राजनीति के तहत उन्हें फंसाया जा रहा है। वहीं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने आरोपी शिक्षक को तत्काल बर्खास्त करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
