नरसिंहपुर। जिले में नेशनल हाईवे-44 पर हुए भीषण सड़क हादसे का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। हादसा इतना खौफनाक था कि तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर हवा में उछल गई और दूसरी लेन में जाकर कई बार पलट गई। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
देखे वीडियो-
जिले में नेशनल हाईवे-44 पर हुए भीषण सड़क हादसे का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो रहे हैं। हादसा बरमान चौकी क्षेत्र में 14 मई को हुआ था, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, Maruti Suzuki Alto 800 में सवार दोनों युवक सागर जिले के देवरी स्थित ससुराल से अपने घर अमरवाड़ा लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि टक्कर के बाद कार खिलौने की तरह हवा में उछलती है और दूसरी लेन में जाकर 2 से 3 बार पलटती है। गनीमत रही कि सामने से आ रहे ट्रक चालक ने समय रहते ब्रेक लगा दिए, वरना हादसा और भी भयावह हो सकता था। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कानूनी कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की चेतावनी बनकर सामने आया है।
