Menstrual Leave: सोशल मीडिया पर एक ऑफिस चैट तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें महिला कर्मचारी द्वारा पीरियड पेन की वजह से छुट्टी मांगने पर मैनेजर का जवाब लोगों का दिल जीत रहा है। वायरल स्क्रीनशॉट में कर्मचारी अपने मैनेजर से तबीयत खराब होने की बात कहती है। इस पर मैनेजर पूछता है कि क्या परेशानी पीरियड्स की वजह से है। कर्मचारी के हां कहने पर मैनेजर जवाब देता है, “अपना ध्यान रखो… हमारी कंपनी में पीरियड्स के दौरान 2-3 दिन की छुट्टी मिलती है। बिंदास आराम करो, सैलरी नहीं कटेगी।”
ऑफिस में छुट्टी मांगना अक्सर कर्मचारियों के लिए आसान नहीं होता, खासकर तब जब कोई नया कर्मचारी हो। ऐसे में सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक चैट ने लोगों के बीच नई बहस छेड़ दी है। दरअसल, एक्स पर शेयर किए गए एक स्क्रीनशॉट में महिला कर्मचारी ने अपने मैनेजर से तबीयत खराब होने की बात कहते हुए काम में थोड़ी राहत मांगी। इस पर मैनेजर ने तुरंत हामी भर दी और पूछा कि क्या परेशानी पीरियड पेन की वजह से है। कर्मचारी के हां कहने पर मैनेजर ने जवाब दिया, “अपना ध्यान रखो। हमारी कंपनी में पीरियड्स के दौरान लड़कियों को 2-3 दिन की छुट्टी दी जाती है। तुम आराम करो।” इसके बाद मैनेजर ने कर्मचारी को भरोसा दिलाते हुए कहा, “बिंदास आराम करो, सैलरी कट नहीं होगी।” यही लाइन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। कई यूजर्स ने मैनेजर की संवेदनशीलता और सपोर्टिव रवैये की तारीफ की। लोगों का कहना है कि हर कार्यस्थल पर ऐसा माहौल होना चाहिए, जहां महिलाएं बिना झिझक अपनी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी बता सकें। हालांकि, कुछ लोगों ने इसे प्रोफेशनल सीमाओं से जुड़ा मुद्दा बताया। उनका कहना था कि किसी कर्मचारी से उसकी निजी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में पूछना जरूरी नहीं था और सिर्फ सिक लीव तक बात सीमित रहनी चाहिए थी। वायरल पोस्ट के बाद अब पीरियड लीव, महिलाओं के स्वास्थ्य और ऑफिस कल्चर को लेकर सोशल मीडिया पर बड़ी चर्चा चल रही है। यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि कार्यस्थलों पर स्वास्थ्य और छुट्टियों को लेकर खुलकर बातचीत आज भी कई लोगों के लिए सहज नहीं है।
