सिंगरौली। जिले के देवसर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सरई निवासी श्रीमती लीलावती गुप्ता को गंभीर हालत में “पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा” के माध्यम से एम्स भोपाल भेजा गया। मरीज ट्रॉमा सेंटर बैढ़न में उपचाराधीन थीं, जहां डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर किया था।
जिले में गंभीर मरीजों को त्वरित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल देखने को मिली। देवसर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सरई निवासी श्रीमती लीलावती गुप्ता को गंभीर हालत में “पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा” के जरिए एम्स भोपाल रेफर किया गया। बताया गया कि मरीज ट्रॉमा सेंटर बैढ़न में उपचाराधीन थीं। उनकी स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने तत्काल उच्च स्तरीय उपचार की सलाह दी। मामला सामने आते ही देवसर विधायक डॉ. राजेंद्र मेश्राम की पहल पर सिंगरौली कलेक्टर गौरव बैनल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित किया। कलेक्टर के मार्गदर्शन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह और मेडिकल टीम ने कम समय में सभी जरूरी स्वास्थ्य अनुमतियां और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी कराईं। इसके बाद मरीज को सिंगरौली हवाई पट्टी से एयर एम्बुलेंस के माध्यम से परिजनों सहित सुरक्षित एम्स भोपाल रवाना किया गया। कलेक्टर गौरव बैनल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित “पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा” गंभीर मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रही है और मरीजों की जान बचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मरीज के परिजनों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और देवसर विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर मिली इस सुविधा से मरीज को बेहतर इलाज के लिए एम्स भोपाल पहुंचाया जा सका।
