गाजियाबाद। जिले मे 11वीं कक्षा के छात्र सूर्या चौहान की हत्या के मामले में प्रशासन ने मुख्य आरोपी असद के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए उसके घर पर अवैध कब्जे का नोटिस चस्पा कर दिया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर जवाब नहीं देने या अतिक्रमण नहीं हटाने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
11वीं कक्षा के छात्र सूर्या चौहान की हत्या के मामले में प्रशासन ने मुख्य आरोपी असद के घर पर बड़ी कार्रवाई की है। खोड़ा थाना क्षेत्र के नवनीत विहार स्थित असद के घर पर प्रशासन ने अवैध कब्जे का नोटिस चस्पा करते हुए अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी है। प्रशासन द्वारा जारी नोटिस में कब्जाधारकों को 15 दिन के भीतर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के समक्ष अपना पक्ष रखने को कहा गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने या अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। तहसील प्रशासन की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई की। इस दौरान इलाके में लाउडस्पीकर और ढोल के माध्यम से घोषणा कर लोगों को बताया गया कि संबंधित भूमि पर अवैध कब्जा किया गया है। यह कार्रवाई असद के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के एक दिन बाद हुई है।
