लखनऊ। राजधानी लखनऊ के ऐशबाग रेलवे कॉलोनी में नीट की तैयारी कर रही 17 वर्षीय छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
राजधानी लखनऊ के बाजार खाला थाना क्षेत्र स्थित ऐशबाग रेलवे कॉलोनी में नीट की तैयारी कर रही 17 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान सुहानी यादव (17) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार के पटना की रहने वाली थी और अपने परिवार के साथ रेलवे कॉलोनी में रहती थी। उसके पिता रेलवे विभाग में टीटी के पद पर कार्यरत हैं। थाना प्रभारी बृजेश सिंह ने बताया कि 16 जून की सुबह सुहानी अपने घर में अचेत अवस्था में मिली। परिजन उसे तत्काल रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के मुताबिक, सुहानी ने तीन मई को आयोजित नीट परीक्षा में हिस्सा लिया था और उसका प्रदर्शन अच्छा रहा था। हालांकि, परीक्षा रद्द होने और पुनः परीक्षा की घोषणा के बाद वह मानसिक तनाव में रहने लगी थी। बताया जा रहा है कि उसने दोबारा तैयारी शुरू कर दी थी, लेकिन आगामी परीक्षा को लेकर चिंतित थी। पुलिस ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। यदि आप या आपका कोई परिचित भावनात्मक तनाव, चिंता या निराशा से जूझ रहा है, तो परिवार, मित्रों या किसी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सहायता लेना महत्वपूर्ण है।
