सिंगरौली। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला जेल बैढ़न में योग और स्वास्थ्य जागरूकता का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिंगरौली के तत्वावधान में आयोजित इस योग शिविर में बंदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न योगासन, प्राणायाम और सूर्य नमस्कार का अभ्यास किया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिंगरौली द्वारा जिला जेल बैढ़न में विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला न्यायाधीश अतुल कुमार खंडेलवाल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। योग शिविर के दौरान जेल में निरुद्ध बंदियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम, सूर्य नमस्कार एवं अन्य योग अभ्यास कराए गए। इस अवसर पर प्रधान जिला न्यायाधीश अतुल कुमार खंडेलवाल ने कहा कि योग और प्राणायाम मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का सशक्त माध्यम हैं। नियमित योगाभ्यास से तनाव, चिंता और अवसाद में कमी आती है तथा व्यक्ति सकारात्मक और स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर होता है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव मनोरम तिवारी ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग मन को शांत रखने, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और विभिन्न बीमारियों से बचाव में सहायक है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार होता है।
