लखीमपुर खीरी। जिला मुख्यालय स्थित अदालत परिसर में सोमवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक अधिवक्ता ने अपने ही चचेरे भाई को गोली मार दी। हमले में घायल वकील की हालत गंभीर बताई गई है।
जिला अदालत परिसर में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक अधिवक्ता ने अपने ही चचेरे भाई को गोली मार दी। घायल वकील को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी विराट राज ने पारिवारिक विवाद के चलते अपने चचेरे भाई जितेंद्र राज पर गोली चला दी, जिससे उसे सीने में गंभीर चोट आई। घटना के तुरंत बाद घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल और पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। साथ ही अस्पताल पहुंचकर घायल के इलाज की स्थिति का जायजा लिया और चिकित्सकों को उचित उपचार के निर्देश दिए।
