सिंगरौली। रीवा संभाग के कमिश्नर बी.एस. जामोद ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शासन की उच्च प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधूरी एकल नलजल योजनाओं को हर हाल में 30 जून तक पूरा कराया जाए तथा पेयजल व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
कमिश्नर ने कहा कि पेयजल संबंधी शिकायतों एवं आवेदन पत्रों का 24 घंटे के भीतर निराकरण किया जाए। उन्होंने बताया कि सभी जिलों को राइजर पाइप एवं सिंगल फेज मोटर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करा दिए गए हैं, जिनका आवश्यकता अनुसार उपयोग कर पेयजल आपूर्ति सुचारु बनाई जाए। साथ ही पूर्ण हो चुकी नलजल योजनाओं को ग्राम पंचायतों को समारोहपूर्वक हस्तांतरित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने कहा कि खरीदे गए गेहूं का दो दिनों के भीतर 90 प्रतिशत उठाव सुनिश्चित कर सुरक्षित भंडारण कराया जाए। किसानों को तीन दिवस के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने तथा परिवहन में लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
कमिश्नर ने जल गंगा संवर्धन अभियान की प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण के कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही जल संरक्षण से जुड़े कार्यों की फोटो एवं व्यय विवरण अभियान पोर्टल पर तत्काल अपलोड करने के निर्देश दिए। जनगणना कार्य की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने कहा कि सभी प्रगणक दो दिवस के भीतर गणना ब्लॉकों को चिन्हित कर मकानों का सर्वे प्रारंभ करें। उन्होंने कलेक्टरों को जनगणना कार्य की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन, स्वास्थ्य सेवाएं, कुपोषण नियंत्रण, शिक्षा की गुणवत्ता, वनाधिकार दावों के सत्यापन, राजस्व प्रकरणों के निराकरण तथा स्वच्छता सर्वेक्षण की भी समीक्षा की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कलेक्टर श्री गौरव बैनल, जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमें, सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर संजीव पाण्डेय, नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
