नेशनल डेस्क। आधुनिक तकनीक ने एक बार फिर जीवनरक्षक साबित होकर एक व्यक्ति की जान बचा ली। अमेरिका के ओहायो निवासी मोहम्मद इस्लाम अपने घर के बाहर कचरा फेंकने के दौरान अचानक गिरकर बेहोश हो गए। उस समय वह घर पर अकेले थे और उन्हें सांस लेने में तकलीफ, कान के पास दर्द तथा चलने में परेशानी हो रही थी।
अमेरिका के ओहायो में Apple Watch के ‘फॉल डिटेक्शन’ फीचर ने एक व्यक्ति की जान बचा ली। मोहम्मद इस्लाम तबीयत खराब होने के कारण घर पर थे। घर के बाहर कचरा फेंकने के दौरान वह अचानक गिर पड़े और बेहोश हो गए। उस समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। होश आने पर इस्लाम ने उठने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। तभी उन्हें सायरन की आवाज सुनाई दी। बाद में पता चला कि उनकी Apple Watch ने गिरने का पता लगाकर स्वतः इमरजेंसी सर्विस को कॉल कर दिया था। अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टरों ने उनके फेफड़ों में ब्लड क्लॉट पाए। इस्लाम ने कहा कि समय पर मिली मदद की वजह से उनकी जान बच सकी। Apple Watch का ‘फॉल डिटेक्शन’ फीचर तेज़ गिरावट का पता लगने पर यूजर को अलर्ट करता है। यदि व्यक्ति लगभग एक मिनट तक कोई प्रतिक्रिया नहीं देता, तो घड़ी 30 सेकंड की उलटी गिनती के बाद स्वतः इमरजेंसी सर्विस को कॉल कर उसकी लोकेशन साझा करती है और इमरजेंसी कॉन्टैक्ट्स को भी सूचना भेज देती है। यह सुविधा Apple Watch SE, Series 4 और उसके बाद के मॉडल तथा Ultra सीरीज में उपलब्ध है।
