लुधियाना। बैंक ऑफ बड़ौदा के ATM से करीब 17.98 लाख रुपये की चोरी के चर्चित मामले का लुधियाना पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 13.75 लाख रुपये नकद और चोरी की रकम से खरीदे गए दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
प्रताप चौक स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के ATM से करीब 17.98 लाख रुपये की चोरी के सनसनीखेज मामले का लुधियाना पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 13.75 लाख रुपये नकद और चोरी के पैसों से खरीदे गए दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुधांशु महाजन उर्फ शैंटी (24) और वसीम खान उर्फ मोटू (19) के रूप में हुई है। दोनों को जस्सा सिंह रामगढ़िया चौक के पास से गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी सुधांशु अक्सर गर्मी के दिनों में बैंक ऑफ बड़ौदा के ATM केबिन में रात बिताता था, जिससे उसे मशीन की सुरक्षा व्यवस्था और संरचना की पूरी जानकारी हो गई थी। बेरोजगारी और आर्थिक तंगी के चलते उसने अपने साथी वसीम के साथ मिलकर ATM में सेंध लगाने की योजना बनाई। 12-13 जून की रात दोनों आरोपियों ने कटर और अन्य औजारों की मदद से ATM मशीन की कैश ट्रे तोड़कर उसमें रखे करीब 17.98 लाख रुपये निकाल लिए और फरार हो गए। बैंक मैनेजर नीलम रानी की शिकायत पर थाना डिवीजन नंबर-6 में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस, डंप डाटा और खुफिया तंत्र की सहायता से आरोपियों का पता लगाया और 18 जून को उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से 13,75,700 रुपये नकद और चोरी की रकम से खरीदे गए दो नए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शेष राशि कहां खर्च की गई और वारदात में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।
