छतरपुर। जिले में अवैध शराब प्रकरण में लापरवाही और मिलीभगत के गंभीर आरोपों के बाद पुलिस अधीक्षक ने बड़ी कार्रवाई की है। पठा चौकी प्रभारी कुलदीप जादौन को लाइन अटैच कर दिया गया है, जबकि दो आरक्षक मंगल यादव और पंकज यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जिले में अवैध शराब प्रकरण को लेकर पुलिस अधीक्षक ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पठा चौकी प्रभारी कुलदीप जादौन को लाइन अटैच कर दिया है। वहीं, आरक्षक मंगल यादव और पंकज यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई उस शिकायत के बाद की गई, जिसमें आरोप था कि अवैध शराब के साथ आरोपी पकड़े जाने के बावजूद पुलिस ने विधिसम्मत कार्रवाई नहीं की और न ही जब्त शराब का सही रिकॉर्ड संधारित किया गया। शिकायत में शराब के गायब होने और कार्रवाई में लापरवाही के गंभीर आरोप भी लगाए गए थे। मामले की जांच के बाद पुलिस अधीक्षक ने इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश जारी किए। आरोप है कि संबंधित पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई में ढिलाई बरती और आरोपी को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कर्तव्य में लापरवाही और किसी भी तरह की मिलीभगत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा आगे भी ऐसी कार्रवाइयां जारी रहेंगी।
