भदोही। जिले में बाल्टी से पानी लेने को लेकर एक दलित युवक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिले में बाल्टी से पानी लेने को लेकर एक दलित पेंटर के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, 23 जून की रात केवटही गांव निवासी भोला गौतम अपने साथी ओमप्रकाश विश्वकर्मा के साथ पेंटिंग का काम खत्म कर घर लौट रहे थे। रास्ते में सिरदर्द की दवा लेने के लिए वे मनोहरपुर स्थित एक डॉक्टर के यहां पहुंचे। आरोप है कि डॉक्टर के कहने पर बाहर रखी बाल्टी से पानी लेने के दौरान सामने की दुकान पर मौजूद एक व्यक्ति ने जातिसूचक टिप्पणी करते हुए लाठी से उनके सिर पर हमला कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि डॉक्टर ने भी उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। हमले में घायल भोला गौतम को पहले जिला अस्पताल और बाद में गंभीर हालत में वाराणसी रेफर किया गया, जहां 12 दिनों तक उनका इलाज चला। अस्पताल से लौटने के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
