सिंगरौली। गंगा दशहरा के शुभ अवसर पर मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद जिला सिंगरौली के विकासखंड बैढ़न के निर्देशानुसार ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बिंदूल द्वारा जल स्रोत समागम अभियान के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। नवांकुर संस्था ‘कर्मभूमि फाउंडेशन’ के मार्गदर्शन में हुए इस आयोजन में ग्रामीणों ने जल संरक्षण और पारंपरिक जल स्रोतों की स्वच्छता का संदेश दिया।
गंगा दशहरा के पावन अवसर पर मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद जिला सिंगरौली के विकासखंड बैढ़न के निर्देशानुसार ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बिंदूल द्वारा जल स्रोत समागम अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। नवांकुर संस्था ‘कर्मभूमि फाउंडेशन’ के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण एवं ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के तहत समिति सदस्यों एवं ग्रामीणों ने मिलकर बेनियांव नदी में व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया। इसके बाद सभी ग्रामीणों ने ढोढिया तालाब में श्रमदान कर जल स्रोतों के संरक्षण का संदेश दिया। श्रमदान के पश्चात ग्रामीण महिलाओं एवं नवांकुर सखियों ने ढोढिया तालाब से पवित्र जल भरकर भव्य कलश यात्रा निकाली। यह कलश यात्रा अहिरान टोला स्थित शिव मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। धार्मिक वातावरण और उत्साह के बीच कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर ग्रामीणों ने जल स्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने का सामूहिक संकल्प भी लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती सिंह, सचिव लाले सिंह एवं रोजगार सहायक मुकेश कुमार बियार उपस्थित रहे। वहीं ग्राम के वरिष्ठजन रणवीर सिंह, ललन सिंह, तेज बहादुर सिंह, राम रक्षा नाई, रामचंद्र यादव सहित प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष रामाधार यादव, सचिव शंकर लाल यादव, रामजन्म यादव, कलावती यादव, सीताबाई सिंह और हरचरण सिंह ने सहभागिता निभाई। कार्यक्रम को सफल बनाने में नवांकुर सखियों, सेक्टर खनुआ की कार्यक्रम समन्वयक वंदना शाह, परामर्शदाता एवं ग्रामीणों की सक्रिय भूमिका रही। अंत में कार्यक्रम समन्वयक वंदना शाह ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।
