हरदोई। जिले में एक भीषण सड़क हादसे में तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा कासिमपुर थाना क्षेत्र के संडीला-बांगरमऊ मार्ग पर हुआ, जहां दो बाइकों की टक्कर के बाद सड़क पर गिरे युवकों को तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया।
जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई। हादसा कासिमपुर थाना क्षेत्र के संडीला-बांगरमऊ मार्ग पर हुआ, जहां दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत के बाद सड़क पर गिरे युवकों को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया। पुलिस के मुताबिक, पंकज, अनूप और प्रवीण उर्फ बाबू एक ही बाइक पर सवार होकर बाल कटवाने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद सभी युवक सड़क पर गिर पड़े, तभी वहां से गुजर रहे डंपर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में पंकज (20) और अनूप (18) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रवीण उर्फ बाबू (22) ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं दूसरी बाइक सवार जितेंद्र घायल हो गया, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है।
