सिंगरौली। जियावन थाना क्षेत्र के समदा गांव में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बिजली फिटिंग का कार्य करते समय संतुलन बिगड़ने से युवक छत से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर हालत हो गई।
जिले के जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम समदा में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक एक मकान की छत पर बिजली फिटिंग का कार्य कर रहा था, तभी संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर पड़ा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम गोड़गवा निवासी राम लल्लू विश्वकर्मा (23) पिता त्रिवेणी प्रसाद विश्वकर्मा, समदा गांव में मनोज द्विवेदी के मकान पर बिजली फिटिंग का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे गिर गया। गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद साथ में काम कर रहे मजदूरों और परिजनों ने तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवसर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय मृतक के साथ दो अन्य मजदूर भी कार्य कर रहे थे। घटना रविवार शाम करीब 7 बजे की है। राम लल्लू विश्वकर्मा अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बेटियों को छोड़ गया है। युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। घटना की सूचना मिलने पर जियावन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
