कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के करणपुर गांव की है, जहां घर की छत के पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दोनों भाइयों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जिले में एक दर्दनाक हादसे में हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के करणपुर गांव की है। जानकारी के अनुसार, 19 वर्षीय सुमित घर की छत पर लोहे की छड़ से बारिश के पानी की निकासी वाली पाइप साफ कर रहा था। इसी दौरान छड़ मकान के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गई और वह करंट की चपेट में आ गया। बड़े भाई को बचाने के लिए दौड़ा 17 वर्षीय शोभित भी करंट की चपेट में आ गया। परिजन दोनों को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक सुमित और शोभित, जितेंद्र कुमार के पुत्र थे। उनका परिवार गांव में किराए के मकान में रहता है और पिता आइसक्रीम बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों भाई एक निजी विद्यालय के छात्र थे। हादसे के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।
