सिंगरौली। सीधी-सिंगरौली संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने रविवार को चितरंगी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर जनसंवाद किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम बरवाडीह (नौडिहवा) स्थित शासकीय हाई स्कूल में छात्र-छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया और कहा कि सरकार की यह पहल ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा तक पहुंच आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
सीधी-सिंगरौली संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने चितरंगी विधानसभा क्षेत्र के सघन प्रवास के दौरान ग्राम बरवाडीह (नौडिहवा) स्थित शासकीय हाई स्कूल में छात्र-छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की यह योजना दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी है। इससे बच्चों को स्कूल आने-जाने में सुविधा मिलेगी, शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ेगा और ड्रॉपआउट दर में कमी आएगी। दौरे के दौरान सांसद ने ग्राम पंचायत बकिया, नैकहवा, क्योटली, तमई, पड़री कला, नौडिहवा, झटकटा और गोड़वा में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। सांसद ने नैकहवा स्थित सीएम राइज विद्यालय एवं शासकीय जूनियर बालक छात्रावास का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही क्षेत्र के प्रबुद्धजनों का सम्मान भी किया। विभिन्न गांवों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान उन्होंने श्रमिकों के हित में संचालित ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (वीबी-जीआरएएम जी)’ योजना की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक पात्र लोगों से इसका लाभ लेने की अपील की।
