पीलीभीत। पीलीभीत-पूर्णपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। चलते ट्रक में अचानक भीषण आग लगने से चालक और ट्रक मालिक बलविंदर सिंह (50) की जिंदा जलकर मौत हो गई।
पीलीभीत-पूर्णपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में चलते ट्रक में अचानक आग लगने से चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतक ट्रक का मालिक भी था। पुलिस के अनुसार, घटना पूर्णपुर कोतवाली क्षेत्र में बड़ी नहर और धन्ना गुरुद्वारे के बीच हुई। ट्रक में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक के टुकड़े लदे थे। अचानक आग लगने के बाद प्लास्टिक होने के कारण लपटें तेजी से फैल गईं और देखते ही देखते पूरा ट्रक आग का गोला बन गया। चालक केबिन में फंस गया और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। दमकल की टीम ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद ट्रक के केबिन से जला हुआ शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान रामपुर जिले के बिलासपुर निवासी बलविंदर सिंह (50) के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि बलविंदर सिंह प्लास्टिक का सामान लेकर नेपाल सीमा क्षेत्र की ओर जा रहे थे। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। शॉर्ट सर्किट समेत सभी संभावित कारणों की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।
