लखनऊ। लखनऊ के गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पर उस समय हड़कंप मच गया, जब छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी से एक युवती का शव छह टुकड़ों में बरामद हुआ। शव का धड़ बक्से में जबकि हाथ और पैर पॉलीथीन में पैक कर बैग में रखे गए थे। युवती का सिर अब तक गायब है।
राजधानी लखनऊ से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी में एक युवती का शव छह टुकड़ों में मिलने से रेलवे प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। शव का सिर अब तक बरामद नहीं हो सका है। जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह ट्रेन के गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर स्लीपर कोच एस-1 में एक लावारिस बक्सा और बैग पड़े होने की सूचना मिली। जब जीआरपी और रेलवे कर्मचारियों ने बक्सा खोला तो उसमें 25 से 30 वर्ष की युवती का सिर कटा धड़ मिला। वहीं पास रखे बैग से पॉलीथीन में पैक हाथ और पैर बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि शव को किसी धारदार हथियार या इलेक्ट्रॉनिक कटर से काटा गया है। पुलिस का कहना है कि हत्यारों ने शव को बेहद शातिराना तरीके से पैक किया था, ताकि खून बाहर न निकले और किसी को शक न हो। पुलिस के अनुसार युवती ने रंग-बिरंगा सूट पहन रखा था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह ग्रामीण पृष्ठभूमि से हो सकती है। हालांकि अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। मामले की जांच के लिए रेलवे पुलिस ने तीन टीमें गठित की हैं। छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस के पूरे रूट के करीब 20 रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही स्लीपर कोच एस-1 में यात्रा करने वाले यात्रियों की सूची भी जांची जा रही है। चलती ट्रेन में इस तरह शव मिलने की घटना ने यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस हत्या की वजह और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
