गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज में क्रेन की मदद से महिंद्रा स्कॉर्पियो को दो मंजिला मकान की छत पर चढ़ाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला मांझा थाना क्षेत्र के मीरा टोला का बताया जा रहा है।
देखे वीडियो-
बिहार के गोपालगंज में एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां नई स्कॉर्पियो को चोरी से बचाने के लिए क्रेन की मदद से मकान की दूसरी मंजिल की छत पर चढ़ा दिया गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला मांझा थाना क्षेत्र के मीरा टोला का बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, वाहन मालिक मनोज यादव विदेश में नौकरी करते हैं। उनकी गैरमौजूदगी में स्कॉर्पियो की देखभाल के लिए रखा गया ड्राइवर भी विदेश चला गया। इसके बाद गाड़ी की सुरक्षा को लेकर परिवार चिंतित था। बताया गया कि चोरी के डर से वाहन को घर की छत पर रखने का फैसला लिया गया। इसके बाद क्रेन की मदद से भारी-भरकम स्कॉर्पियो को हवा में उठाकर सावधानीपूर्वक दो मंजिला मकान की छत पर उतारा गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, छत पर वाहन रखने की सुरक्षा और उसकी भार क्षमता को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
