देवरिया। जिले में चोरी के संदेह में एक 14 वर्षीय दलित किशोरी के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक दुकानदार ने किशोरी को पेड़ से बांधकर उसकी बेरहमी से पिटाई की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। चोरी के संदेह में एक 14 वर्षीय दलित किशोरी को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटने का मामला प्रकाश में आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, तरकुलवा थाना क्षेत्र के मिश्रौली गांव निवासी हरिकेश गुप्ता (24) की किराने की दुकान है। आरोप है कि उसने दुकान में चोरी के शक में गांव की एक 14 वर्षीय किशोरी को पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने पहले किशोरी के बाल पकड़कर उसे गांव में घुमाया और बाद में अपने घर के बाहर नीम के पेड़ से बांधकर उसकी पिटाई की। घटना का वीडियो किसी राहगीर ने बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद मामला चर्चा में आया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी को आरोपी के कब्जे से मुक्त कराया। पुलिस ने बताया कि पीड़िता अनुसूचित जाति समुदाय से संबंध रखती है। उसकी शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार रेड्डी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, पीड़िता को सुरक्षित छुड़ाया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
