देवास। जिले में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट से हड़कंप मच गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना एबी रोड स्थित टोंककला क्षेत्र की है, जहां संचालित पटाखा फैक्ट्री में अचानक जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा ढह गया और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।
जिले में गुरुवार को एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट से पूरा इलाका दहल उठा। हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। इनमें कई की हालत गंभीर होने पर उन्हें इंदौर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, एबी रोड स्थित टोंककला क्षेत्र में संचालित पटाखा फैक्ट्री में अचानक जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा जमींदोज हो गया और आसपास के मकानों की दीवारें तक हिल गईं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर मलबा और शरीर के टुकड़े बिखरे दिखाई दिए। हादसे के बाद लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, हालांकि प्रशासन ने फिलहाल दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
