सिंगरौली। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने देवसर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध मदिरा और महुआ लाहन जब्त किया है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी सतीश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र के शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने देवसर वृत्त में बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध मदिरा और महुआ लाहन जब्त किया है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी सतीश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम ने देवसर वृत्त के विभिन्न गांवों में योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। कार्रवाई के दौरान संदिग्ध ठिकानों, रिहायशी मकानों और दुकानों की सघन तलाशी ली गई। इस दौरान प्रदीप कोरी निवासी छुईलहवा, लालू जायसवाल निवासी लमसराई, लहुरमनी प्रसाद वैश्य, समारू साकेत निवासी देवरा और पूजा राय निवासी गुलहरिया के पास से अवैध शराब बरामद की गई। टीम ने मौके से 100 किलोग्राम महुआ लाहन, 31 पाव देसी मदिरा प्लेन, 16 पाव देसी मदिरा मसाला, 32 नग केन और 9 बोतल बीयर जब्त की। जब्त कुल 30.31 बल्क लीटर अवैध मदिरा और अन्य सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 20 हजार 135 रुपये बताया गया है। आबकारी विभाग ने सभी पांच आरोपियों के खिलाफ म.प्र. आबकारी अधिनियम 1915 संशोधन 2000 की धारा 34(1)(क) एवं (च) के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
