नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग झुलस गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और रेस्क्यू अभियान चलाया।
दिल्ली फायर सर्विस (डीएफएस) के अनुसार सुबह करीब 9:45 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। आग मालवीय नगर स्थित लेमन ग्रीन नामक रेस्टोरेंट में लगी, जो एक पांच मंजिला इमारत में संचालित था। सूचना मिलते ही दमकल की 10 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। बताया गया है कि रेस्टोरेंट के बेसमेंट में फंसे लोगों को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया। इनमें से तीन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार आग सबसे पहले इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी। बताया जा रहा है कि एक कांच टूटने के बाद आग तेजी से बेसमेंट तक फैल गई, जिससे वहां मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए।
