अजमेर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात बाइक सवार दो बदमाशों ने स्कूटी से घर लौट रहे डॉक्टर दंपति से चेन स्नेचिंग की कोशिश की। सावित्री स्कूल के सामने वाली गली में बदमाशों ने पहले स्कूटी को लात मारकर गिराने का प्रयास किया और फिर डॉ. सुचित्रा जैन के गले से सोने की चेन झपटने की कोशिश की।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात स्कूटी से घर लौट रहे डॉक्टर दंपति से चेन स्नेचिंग के प्रयास का मामला सामने आया। सावित्री स्कूल के सामने वाली गली में बाइक सवार दो बदमाशों ने डॉक्टर दंपति की स्कूटी को लात मारकर गिराने की कोशिश की और महिला डॉक्टर के गले से सोने की चेन झपटने का प्रयास किया। अचानक संतुलन बिगड़ने से डॉ. सुचित्रा जैन और डॉ. महेंद्र जैन सड़क पर गिर गए। इसी दौरान बदमाशों की बाइक भी असंतुलित होकर गिर गई। दंपति के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और एक युवक ने साहस दिखाते हुए एक बदमाश को पकड़ लिया। खुद को घिरता देख उसका साथी कथित पिस्टल से हवाई फायर करते हुए फरार हो गया। पुलिस जांच में पिस्टल नकली निकली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पकड़े गए आरोपी की पहचान नितिन शेखावत निवासी कोटड़ा के रूप में की। उसके कब्जे से बाइक और नकली पिस्टल बरामद की गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर फरार आरोपी की तलाश कर रही है। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।
