नेशनल डेस्क। अमेरिका के Florida स्थित Everglades जंगल में बर्मीज अजगरों का खतरा तेजी से बढ़ता जा रहा है। हाल ही में स्नेक हंटर Kevin Pavlidis को जंगल में दो बड़े घोंसले मिले, जिनमें करीब 120 अजगर के अंडे पाए गए। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि यदि ये अंडे फूट गए, तो बड़ी संख्या में नए शिकारी जंगल में फैल जाएंगे और स्थानीय वन्यजीवों के अस्तित्व पर बड़ा संकट खड़ा हो सकता है।
अमेरिका के Florida के मशहूर दलदली जंगल Everglades में बर्मीज अजगरों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। हाल ही में दो बड़े घोंसलों से करीब 120 अजगर के अंडे मिलने के बाद वन्यजीव एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि ये अंडे फूट गए, तो जंगल में एक साथ बड़ी संख्या में नए शिकारी फैल जाएंगे, जिससे स्थानीय वन्यजीवों का अस्तित्व और ज्यादा संकट में पड़ सकता है। यह चौंकाने वाली खोज मशहूर स्नेक हंटर Kevin Pavlidis ने की। उन्होंने दलदली घास और झाड़ियों के बीच छिपे घोंसलों का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें सफेद रंग के दर्जनों बड़े अंडे दिखाई दे रहे हैं। दोनों घोंसलों में कुल मिलाकर लगभग 120 अंडे पाए गए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि एक ही इलाके में इतने अंडों का मिलना इस बात का संकेत है कि कई मादा अजगर वहां तेजी से प्रजनन कर रही हैं। Burmese Python मूल रूप से दक्षिण-पूर्व एशिया में पाए जाते हैं। वैज्ञानिकों के अनुसार, कई साल पहले इन्हें विदेशी पालतू जानवर के रूप में अमेरिका लाया गया था। बाद में बड़े होने पर या कैद से भागने के बाद इन्हें जंगलों में छोड़ दिया गया। फ्लोरिडा का गर्म और नम मौसम इनके लिए बेहद अनुकूल साबित हुआ, जिसके चलते इनकी आबादी तेजी से फैलती चली गई। बर्मीज अजगर दुनिया के सबसे बड़े सांपों में शामिल हैं। एक वयस्क अजगर 15 फीट से ज्यादा लंबा हो सकता है और यह पक्षियों, छोटे स्तनधारियों तथा रेंगने वाले जीवों का शिकार करता है। कई मामलों में इन्हें हिरण और मगरमच्छ जैसे बड़े जानवरों को निगलते हुए भी देखा गया है। वैज्ञानिकों के मुताबिक, इन अजगरों के फैलाव के बाद एवर्गलेड्स के कई स्थानीय जीव तेजी से गायब हो रहे हैं, जिससे पूरे पारिस्थितिकी तंत्र पर खतरा मंडरा रहा है।
