पुणे। पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस विभाग में तैनात दो महिला कांस्टेबलों के बीच पुलिस भर्ती के दौरान दोस्ती हुई थी। करीब तीन साल पहले दोनों की कांस्टेबल पद पर नियुक्ति हुई। ट्रेनिंग के बाद एक ही पुलिस स्टेशन में तैनाती के दौरान दोनों एक-दूसरे के करीब आईं और साथ रहने का फैसला किया।
पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस विभाग में तैनात दो महिला कांस्टेबलों की 30 अगस्त को आलंदी में होने वाली शादी अब रद्द हो गई है। दोनों की दोस्ती करीब तीन साल पहले पुलिस भर्ती प्रक्रिया के दौरान हुई थी। नियुक्ति के बाद एक ही पुलिस स्टेशन में तैनाती के दौरान दोनों एक-दूसरे के करीब आईं और साथ रहने लगीं। दोनों ने पारंपरिक वैदिक रीति-रिवाजों से शादी करने की तैयारी की थी। इसके लिए पुलिस विभाग से छुट्टी का आवेदन देने के साथ शादी का निमंत्रण भी दिया गया था। हालांकि, एक महिला के परिवार के विरोध के बाद शादी का फैसला टाल दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने मामले को दोनों का निजी मामला बताते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर काउंसलिंग में मदद की जा सकती है। बताया गया है कि दोनों में से एक महिला ने जेंडर ट्रांजिशन के लिए चिकित्सकीय उपचार भी शुरू किया था और मुंबई के एक अस्पताल में इलाज कराया था। भारत में वयस्कों के बीच सहमति से समलैंगिक संबंध अपराध नहीं हैं, लेकिन समान-लिंग विवाह को वर्तमान कानून में वैधानिक विवाह का दर्जा नहीं मिला है।
