केप टाउन। दक्षिण अफ्रीका के वेस्टर्न केप प्रांत में रविवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। N1 हाईवे पर दो मिनीबस टैक्सियों की आमने-सामने टक्कर के बाद एक एसयूवी भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के मलबे से जा टकराई। हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।
दक्षिण अफ्रीका के वेस्टर्न केप प्रांत में रविवार देर रात भीषण सड़क हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। हादसा N1 हाईवे पर प्रिंस अल्बर्ट और लीउ-गाम्का के बीच रात करीब 11:30 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, दो मिनीबस टैक्सियों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इसके बाद पीछे से आ रही एक एसयूवी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के मलबे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर कई लोगों की मौत हो गई। बचाव दल ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक, अस्पताल ले जाए गए तीन लोगों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद N1 हाईवे के दुर्घटनास्थल वाले हिस्से को बंद कर दिया गया। राहत एवं बचाव दल ने मलबा हटाने के साथ घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस और स्थानीय अधिकारी दुर्घटना की जांच में जुटे हैं। अधिकारियों ने बताया कि हादसे की सटीक वजह अभी सामने नहीं आई है। दोनों मिनीबस की आमने-सामने टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और तीसरा वाहन दुर्घटनास्थल पर कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है।
