केरल। एर्नाकुलम जिले के कक्कुर में करीब 35 यात्रियों से भरी एक टूरिस्ट बस हादसे का शिकार हो गई। बस सड़क किनारे स्थित पेट्रोल पंप से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में बच्चों और बुजुर्गों समेत कम से कम 20 यात्री घायल हुए हैं।
देखे वीडियो-
केरल के एर्नाकुलम जिले के कक्कुर में करीब 35 यात्रियों को लेकर जा रही टूरिस्ट बस अचानक सामने आए दोपहिया वाहन को बचाने के प्रयास में सड़क किनारे पेट्रोल पंप से टकराकर पलट गई। हादसे में बच्चों और बुजुर्गों समेत कम से कम 20 यात्री घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, बस में कलाडी का एक समूह सवार था, जो शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। सीसीटीवी फुटेज में एक दोपहिया वाहन चालक अचानक बिना सामने का यातायात देखे सड़क पर दाईं ओर मुड़ता नजर आया। उसे बचाने के लिए बस चालक ने ब्रेक लगाए और बस को मोड़ दिया। इसी दौरान बस सड़क से उतरकर पेट्रोल पंप के किनारे से जा टकराई और पलट गई। हादसे के बाद कई यात्री बस में फंस गए। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना के बाद पहुंची एंबुलेंस से घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
