कानपुर। घाटमपुर क्षेत्र में गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की जान चली गई। रेउना थाना क्षेत्र के अंतर्गत कानपुर देहात बॉर्डर के पास यह हादसा हुआ, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
घाटमपुर क्षेत्र में गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रेउना थाना क्षेत्र के अंतर्गत कानपुर देहात बॉर्डर के पास मुगलरोड पार कर रहे युवक को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान चांदपुर गांव निवासी राकेश कुमार (30) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह किसी निजी काम से क्षेत्र में आया था और शाम करीब 8 बजे सड़क पार करते समय हादसे का शिकार हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) घाटमपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अनुज राजपूत ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। टोल प्लाजा से भी वाहनों की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है।
