सोनभद्र। जिले में वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। शादी समारोह से लौट रहे बारातियों की कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।
वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शादी समारोह से लौट रहे लोगों की कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। हादसा लोढ़ी क्षेत्र में टाटा मोटर्स एजेंसी के पास सुबह करीब 4 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार के चलते वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार दिलीप पासवान, नीतीश यादव और जितेंद्र साहनी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कार में चालक समेत कुल आठ लोग सवार थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। घायलों में चालक छोटेलाल साहनी की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है, जबकि अन्य का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
