सिरोही। जिले के झाड़ोली गांव से एक प्रेरणादायक उपलब्धि सामने आई है, जहां एक ही परिवार के तीन सगे भाई-बहनों ने राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) परीक्षा में चयनित होकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह संभवतः पहला मौका है जब जिले में एक ही परिवार के तीन सदस्य एक साथ RAS में चुने गए हैं।
जिले के झाड़ोली गांव से एक प्रेरणादायक सफलता की कहानी सामने आई है, जहां एक ही परिवार के तीन सगे भाई-बहनों ने आरएएस परीक्षा में चयनित होकर इतिहास रच दिया। यह संभवत: जिले का पहला मामला है जब तीनों भाई-बहन एक साथ राजस्थान प्रशासनिक सेवा में चयनित हुए हैं।
परिणाम में सबसे छोटे परमवीर सिंह ने 24वीं रैंक, बहन सेजल कुंवर ने 120वीं रैंक और बड़े भाई महिपाल सिंह ने 931वीं रैंक हासिल की। खास बात यह है कि परमवीर और सेजल का पहले भी चयन हो चुका था, लेकिन बेहतर रैंक के लिए उन्होंने दोबारा परीक्षा दी और इस बार एक साथ सफलता हासिल की। परमवीर सिंह इससे पहले RAS 2023 में 66वीं रैंक हासिल कर DSP पद पर चयनित हो चुके हैं और वर्तमान में जयपुर में प्रशिक्षण ले रहे हैं। वहीं सेजल कुंवर ने पहले 522वीं रैंक प्राप्त कर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग में प्रवर्तन निरीक्षक का पद हासिल किया था और फिलहाल जोधपुर में कार्यरत हैं। बड़े भाई महिपाल सिंह ने तीसरे प्रयास में सफलता पाई। तीनों के पिता लालसिंह द्वितीय श्रेणी शिक्षक हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। परिवार ने बताया कि तीनों ने घर पर रहकर कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ तैयारी की।
