राजौरी। जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के कालाकोट उपमंडल के मनमा बरमारी गांव में दर्दनाक हादसे में सांप के डसने से दो सगी बहनों की मौत हो गई। मृतक बच्चियों की पहचान 5 वर्षीय अमीबा और 3 वर्षीय अमीजा के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया, वहीं गांव में भी शोक की लहर है।
जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के उप जिला कालाकोट के मनमा बरमारी गांव में बीती रात दर्दनाक हादसे में सांप के काटने से दो मासूम सगी बहनों की मौत हो गई। मृतक बच्चियों की पहचान 5 वर्षीय अमीबा और 3 वर्षीय अमीजा के रूप में हुई है। दोनों बच्चियों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, दोनों बहनें रात में अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर के एक कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान एक सांप कमरे में घुस आया और बिस्तर पर चढ़ गया। सांप ने सो रही दोनों बच्चियों को डस लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने दोनों बच्चियों को तत्काल उपचार के लिए ले जाने का प्रयास किया। हालांकि, सांप के काटने के बाद दोनों बच्चियों की हालत गंभीर हो गई। उपचार के प्रयासों के बावजूद दोनों की जान नहीं बच सकी। चिकित्सकीय जांच के बाद उनकी मौत सांप के काटने से होने की पुष्टि बताई गई है। एक ही परिवार की दो मासूम बेटियों की एक साथ हुई मौत से मनमा बरमारी गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना संबंधित पुलिस एवं प्रशासन को भी दी गई है। इस दर्दनाक हादसे ने ग्रामीण और पहाड़ी क्षेत्रों में जहरीले सांपों से सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। बरसात के मौसम में सांपों के घरों में घुसने की घटनाओं को देखते हुए ग्रामीणों से रात में विशेष सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।
