फिरोजाबाद। जिले के शिकोहाबाद क्षेत्र में एकतरफा प्यार की सनक में एक युवक ने तीन वर्षीय मासूम की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं।
शिकोहाबाद क्षेत्र में एकतरफा प्यार की सनक ने एक तीन वर्षीय मासूम की जान ले ली। आरोपी युवक ने चॉकलेट दिलाने का बहाना बनाकर बच्चे को घर से बाहर ले गया और सड़क पर पटक-पटक कर उसकी हत्या कर दी। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस के अनुसार, बदायूं निवासी विराज नामक युवक ने तीन वर्षीय आरव को अपने साथ ले जाकर हमला किया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी रिश्ते में बच्चे की मां रति का देवर लगता है और वह उससे शादी करना चाहता था। रति द्वारा प्रस्ताव ठुकराने के बाद उसने कथित रूप से इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसके बेटे को अपने रास्ते की बाधा मानता था। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
