सिंगरौली। एनसीएल की अमलोरी परियोजना में सोमवार सुबह एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। परियोजना के टर्फ सीम फॉल्ट क्षेत्र में कार्यरत ड्रिल मशीन क्रमांक-9 में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी मशीन को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इंजन सहित उसका बड़ा हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
एनसीएल की अमलोरी परियोजना में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब टर्फ सीम फॉल्ट क्षेत्र में काम कर रही ड्रिल मशीन क्रमांक-9 में अचानक भीषण आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी मशीन को अपनी चपेट में ले लिया और करोड़ों रुपये की यह मशीन गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मशीन की कीमत करीब आठ करोड़ रुपये आंकी जा रही है। आग इतनी तेज थी कि कर्मचारियों के तमाम प्रयासों के बावजूद उस पर तुरंत काबू नहीं पाया जा सका। खदान का दुर्गम क्षेत्र होने के कारण अग्निशमन वाहन भी मौके तक नहीं पहुंच सका, जिससे नुकसान और बढ़ गया। हादसे के दौरान सबसे बड़ी राहत यह रही कि मशीन पर कार्य कर रहे सभी कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकल आए और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। परियोजना प्रबंधन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है। यह हादसा खदानों में सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता पर भी कई सवाल खड़े कर रहा है।
