गाजियाबाद। जिले के सिहानी गेट इलाके में शनिवार तड़के एक एसी वर्कशॉप में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर मौजूद कर्मचारी बाहर नहीं निकल सका और जिंदा जल गया। हादसे में वर्कशॉप के अंदर खड़ी दो कारें भी जलकर राख हो गईं।
जिले के सिहानी गेट इलाके में शनिवार तड़के एक एसी वर्कशॉप में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर मौजूद कर्मचारी बाहर निकल नहीं सका और जिंदा जल गया। हादसे में वर्कशॉप के भीतर खड़ी दो कारें भी जलकर राख हो गईं। जानकारी के मुताबिक, सिहानी गेट स्थित पटेलनगर टायर मार्केट में सुबह करीब तीन बजे अचानक आग भड़क उठी। वर्कशॉप में रखे एसी गैस कंटेनर एक के बाद एक फटने लगे, जिससे आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब आठ दमकल गाड़ियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझने के बाद जब वर्कशॉप की तलाशी ली गई तो अंदर एक व्यक्ति का जला हुआ शव मिला। मृतक की पहचान 70 वर्षीय त्रिलोकीनाथ के रूप में हुई, जो वर्कशॉप में कर्मचारी थे। Ziauddin Ahmad ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, वर्कशॉप में बड़ी मात्रा में एसी गैस कंटेनर रखे थे, जिनमें विस्फोट होने से आग तेजी से फैल गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
