सोनीपत। गढ़ी बिलंदा गांव में मुख्य द्वार का पिलर और ईंटों का आर्च गिरने से कक्षा छठवीं के छात्र यश कुमार की मौत के मामले में हरियाणा मानव अधिकार आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने घटना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाबदेही तय करने और सरकारी स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं।
गढ़ी बिलंदा गांव में मुख्य द्वार का पिलर गिरने से कक्षा छठवीं के छात्र यश कुमार की मौत के मामले में हरियाणा मानव अधिकार आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने घटना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाबदेही तय करने और सरकारी स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के निर्देश दिए हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यश कुमार गढ़ी बिलंदा का रहने वाला था और बेगा गांव के सरकारी स्कूल में पढ़ता था। हादसे के दौरान वह गढ़ी बिलंदा के सरकारी प्राइमरी स्कूल के पास मौजूद था। स्कूल के वॉचमैन द्वारा प्रवेश द्वार पर उगी घास और लताओं को हटाने के लिए खींचने के दौरान ईंटों का आर्च अचानक गिर गया। यश मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले गन्नौर के अस्पताल ले जाया गया, जहां से खानपुर स्थित भगत फूल सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में आयोग ने संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगते हुए सरकारी स्कूलों के भवनों और प्रवेश द्वारों की सुरक्षा जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
