अमरोहा। जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां परिवार ने ही अपने बेटे की हत्या की साजिश रच डाली। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि घर में आए दिन होने वाले विवाद, मारपीट और अभद्र व्यवहार से परेशान होकर माता-पिता ने कथित तौर पर बेटे की सुपारी देकर हत्या करवा दी।
जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां घर के क्लेश और रोजाना के विवाद से परेशान परिवार ने अपने ही बेटे की हत्या की साजिश रच डाली। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि माता-पिता और परिजनों ने जेवर गिरवी रखकर बेटे की हत्या के लिए सुपारी दी थी। जानकारी के अनुसार 9 मई को डिडौली थाना क्षेत्र के श्यामपुर गांव के जंगल में सूखी नहर से एक युवक का शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान नसीरपुर गांव निवासी 32 वर्षीय दुष्यंत के रूप में हुई। उसके सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिले थे। मामले में मृतक के पिता पीतम सिंह ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि दुष्यंत शराब का आदी था और आए दिन परिवार के लोगों के साथ मारपीट और गाली-गलौज करता था। उसकी हरकतों से पूरा परिवार परेशान था। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दुष्यंत की हत्या के लिए उसके पिता, मां और भाई ने मिलकर घर के जेवर गिरवी रखे और 55 हजार रुपये जुटाकर जोगेंद्र उर्फ जौली नामक व्यक्ति को सुपारी दी। आरोपियों ने हत्या के बाद 5 लाख रुपये अतिरिक्त देने का भी वादा किया था। पुलिस ने मामले में मृतक के पिता और भाई को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मां समेत चार आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। घटना के खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
