सुलतानपुर। जिले के बंधुआ कलां थाना क्षेत्र में अकेली रह रही एक बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात बदमाशों ने महिला का गला रेतकर मौत के घाट उतार दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जिले के बंधुआ कलां थाना क्षेत्र के लंगड़ी गांव में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब घर में अकेली रह रही एक बुजुर्ग महिला की गला रेतकर हत्या किए जाने की जानकारी सामने आई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, विमलेश देवी (65) घर में अकेली रहती थीं। रविवार सुबह डायल 112 पर सूचना मिली कि उनकी हत्या कर दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाहर से बंद दरवाजा खुलवाया तो अंदर महिला का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। घटनास्थल की जांच में घर के सामान के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ या चोरी के निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में पुलिस हत्या के पीछे अन्य कारणों की आशंका को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले के खुलासे के लिए पांच विशेष टीमों का गठन किया गया है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
