सिंगरौली। जियावन थाना क्षेत्र की कुंदवार चौकी अंतर्गत भर्रा गांव में सोमवार दोपहर गोपद नदी में नहाने गई 11 वर्षीय सुशीला लापता हो गई। बताया जा रहा है कि बच्ची गहरे पानी में चली गई, जिसके बाद उसके डूबने की आशंका जताई जा रही है।
जिले के जियावन थाना क्षेत्र के भर्रा गांव में सोमवार दोपहर गोपद नदी में नहाने गई 11 वर्षीय बच्ची लापता हो गई। बच्ची की पहचान हर्रा गांव निवासी रामलाल सिंह की पुत्री सुशीला के रूप में हुई है। बताया गया कि सुशीला सोमवार को गाय चराने गई थी। दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच वह गोपद नदी में नहाने लगी। इसी दौरान उसके गहरे पानी में डूबने की आशंका जताई जा रही है। बच्ची के लापता होने की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण नदी में उसकी तलाश में जुट गए। सूचना मिलने पर जियावन पुलिस भी मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू कराया। वहीं, SDRF की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। पुलिस, SDRF टीम और ग्रामीणों द्वारा बच्ची की लगातार तलाश की जा रही है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
