सिंगरौली। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी गौरव बैनल ने विकासखंड स्तर पर नियमित जनसुनवाई आयोजित करने के आदेश जारी किए हैं। नई व्यवस्था के तहत अब दूर-दराज के ग्रामीणों को अपनी शिकायत लेकर जिला मुख्यालय नहीं आना पड़ेगा।
जिले के दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को अब अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी गौरव बैनल ने विकासखंड स्तर पर नियमित जनसुनवाई आयोजित करने के आदेश जारी किए हैं। नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक मंगलवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक चितरंगी एसडीएम कार्यालय, देवसर के मंगल भवन जनपद कार्यालय और माड़ा एसडीएम कार्यालय सभागार में जनसुनवाई होगी। इसकी अध्यक्षता संबंधित एसडीएम करेंगे तथा सभी विभागों के विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। माड़ा में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के एडीईओ और पीसीओ भी मौजूद रहेंगे। कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि जनसुनवाई का उद्देश्य आम नागरिकों की शिकायतों का स्थानीय स्तर पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं होगा, उनमें आवेदकों को नियमानुसार कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। जिला मुख्यालय पर जनसुनवाई पूर्ववत जारी रहेगी, इसलिए विकासखंड सिंगरौली में अलग से जनसुनवाई आयोजित नहीं होगी।
