ग्वालियर। नेशनल हाईवे-44 पर देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक ने सूझबूझ से अपनी जान बचा ली। हादसा इतना भयावह था कि कार हाईटेंशन लाइन के खंभे से टकराने के बाद आग का गोला बन गई।
जिले के डबरा क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हाईटेंशन लाइन के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बिजली की लाइन टूटकर कार पर गिर गई और कुछ ही पलों में कार आग का गोला बन गई। हादसे में दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक युवक ने सूझबूझ से अपनी जान बचा ली। यह हादसा नेशनल हाईवे-44 पर अर्रु तिराहे के पास देर रात करीब 2:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि कार सवार तीनों लोग ग्वालियर में एक विवाह समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार के चलते चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे लगे हाईटेंशन खंभे से जा टकराया।
पल भर में बनी आग की लपटें-
टक्कर के बाद हाईटेंशन लाइन टूटकर सीधे कार पर गिर गई, जिससे जोरदार धमाके के साथ कार में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर फंसे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।
दो की मौत, एक ने तोड़ा कांच और बचाई जान-
हादसे में छतरपुर निवासी 34 वर्षीय अवधेश और किराएदार रामजीलाल सोनी की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं, 29 वर्षीय अविनाश ने हिम्मत दिखाते हुए कार की खिड़की का कांच तोड़ा और बाहर कूदकर अपनी जान बचा ली।
परिवारों में पसरा मातम-
बताया जा रहा है कि मृतक अवधेश अपने परिवार का इकलौता सदस्य था और उसकी चार माह की एक बच्ची है। वहीं रामजीलाल की तीन छोटी बेटियां हैं। घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
अवशेषों का पोस्टमार्टम, जांच जारी-
डबरा सिटी थाना पुलिस ने जले हुए शवों के अवशेष एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
