मुरैना। जिले में एक दर्दनाक हादसे में हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मिनी ट्रक में करंट फैल गया, जिससे दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि आठ अन्य मजदूरों ने सूझबूझ दिखाते हुए चलते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली।
जिले में एक दर्दनाक हादसे में हाईटेंशन बिजली तार के संपर्क में आने से मिनी ट्रक में करंट फैल गया, जिससे दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य ने कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना रविवार को मताबसैया थाना क्षेत्र के चंदूपुरा गांव के पास हुई। सभी मजदूर आगरा से एक ठेकेदार के साथ शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में खेतों के पास से गुजरते समय वाहन हाईटेंशन तार से टकरा गया, जिससे पूरे ट्रक में करंट दौड़ गया। थाना प्रभारी विवेक तोमर के अनुसार, हादसे में विक्की जाटव (18) और आलोक नाई (24) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अन्य मजदूर बिजली का झटका लगते ही वाहन से कूदकर बच निकले। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा चालक की लापरवाही से हुआ या फिर बिजली के तार नीचे लटक रहे थे।
