14 साल का लड़का हवाई जहाज के टायर में छिपकर पहुंचा दिल्ली, एयरपोर्ट सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल।

दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) पर सुरक्षा को चौंकाने वाली एक घटना में, अफगानिस्तान का एक 14 वर्षीय लड़का काबुल से दिल्ली आई फ्लाइट के पिछले टायर (व्हील वेल) में छिपकर लगभग 94 मिनट की जानलेवा यात्रा के बाद सुरक्षित दिल्ली पहुंच गया। यह हैरान कर देने वाली घटना KAM Air की फ्लाइट RQ4401 में रविवार को हुई।
सूत्रों के अनुसार, लड़का पारंपरिक अफगानी पोशाक में था और गलती से ईरान की बजाय भारत जाने वाली उड़ान में चढ़ गया। वह काबुल एयरपोर्ट पर यात्रियों के पीछे-पीछे विमान तक पहुंच गया और व्हील वेल में छिप गया — जोकि विमान का सबसे खतरनाक हिस्सा माना जाता है। फ्लाइट के दिल्ली में लैंड होने के बाद एक ग्राउंड स्टाफ ने उसे टरमैक पर संदिग्ध रूप से घूमते देखा। तुरंत CISF को सूचित किया गया, जिसने लड़के को हिरासत में लेकर एयरपोर्ट पुलिस के हवाले कर दिया। उसकी उम्र को देखते हुए कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई और अब उसे वापस काबुल भेज दिया गया है।
विमानन विशेषज्ञों के अनुसार, व्हील वेल में तापमान -40°C से -60°C तक गिर सकता है और ऑक्सीजन की भारी कमी होती है, जिससे इस तरह छिपने वालों की जान पर गंभीर खतरा होता है। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस केस में शायद विमान कम ऊंचाई पर उड़ा, जिससे लड़का किसी तरह जीवित बच पाया। आमतौर पर इस तरह छिपे केवल 20% लोग ही बच पाते हैं। यह घटना एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। एक नाबालिग लड़का बिना किसी चेकिंग के रनवे तक पहुंच गया और विमान के अंदर छिप गया — यह किसी बड़े खतरे का संकेत है। विशेषज्ञों ने चेताया है कि यदि ऐसी चूक दोहराई गई, तो भविष्य में गंभीर हादसे हो सकते हैं।





