एमपी में भाजपा नेता की गुंडागर्दी से कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल — महिला दुकानदार और उसके परिवार को सरेआम पीटा

धार। भाजपा सरकार के “सुशासन” के दावों के बीच भाजपा नेताओं की दबंगई ने एक बार फिर कानून व्यवस्था की पोल खोल दी है। धार जिले के सरदारपुर में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष और पूर्व पार्षद मंगतू यादव की गुंडागर्दी का वीडियो वायरल हो गया है। वीडियो में भाजपा नेता खुलेआम एक महिला दुकानदार और उसके पति पर हाथ उठाते नजर आ रहे हैं, जबकि राज्य सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।
मध्यप्रदेश में “सुशासन” की दुहाई देने वाली भाजपा सरकार के राज में गुंडागर्दी का एक और शर्मनाक चेहरा सामने आया है। धार जिले के सरदारपुर में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष और पूर्व पार्षद मंगतू यादव ने सरेआम एक महिला दुकानदार और उसके पति पर हाथ उठाया। घटना का वीडियो वायरल होते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया, लेकिन सरकार और प्रशासन अब तक मौन हैं। वीडियो में भाजपा नेता को दुकान के अंदर घुसकर महिला से गाली-गलौज करते, थप्पड़ मारते और उसके पति से झूमाझटकी करते साफ देखा जा सकता है। इस बीच जब महिला का छोटा बच्चा मां को बचाने के लिए बीच में आया तो उसे भी जोर से धक्का दे दिया गया, जिससे वह घायल हो गया। महिला ने घटना की शिकायत सरदारपुर थाने में दर्ज कराई है, लेकिन आरोपी भाजपा नेता के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि पुलिस पार्टी के दबाव में मामले को ठंडे बस्ते में डालने की कोशिश कर रही है।





