आसमान से गिरा 50 किलो का बर्फ का टुकड़ा, ईंट भट्टे पर काम कर रहे मजदूर बाल-बाल बचे

बदायूं। बिल्सी थाना क्षेत्र के दीननगर शेखपुर गांव में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब ईंट भट्टे पर अचानक आसमान से बर्फ का एक विशाल टुकड़ा गिरा। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद मजदूर और उनके परिवार चंद कदम दूर खड़े थे, जिससे कोई घायल नहीं हुआ। घटना सुबह करीब 9:30 बजे हुई। मजदूरों ने तेज धमाके की आवाज सुनी और देखा कि एक बड़े पत्थर जितना दिखने वाला बर्फ का टुकड़ा जमीन से टकराते ही बिखर गया। घटना से मजदूरों में दहशत फैल गई।
बिल्सी थाना क्षेत्र के दीननगर शेखपुर गांव में रविवार सुबह हुई एक अजीब और डरावनी घटना ने लोगों को हैरान कर दिया। ईंट भट्टे पर काम कर रहे मजदूरों के सामने अचानक आसमान से बर्फ का एक विशाल टुकड़ा गिरा। तेज धमाके के साथ जमीन पर गिरते ही बर्फ बिखर गई और बड़ी दुर्घटना टल गई। स्थानीय मजदूरों का कहना था कि कुछ समझने का मौका भी नहीं मिला—सिर्फ एक भारी आवाज, उड़ती धूल और टूटती बर्फ। गांव वाले अब भी यह सोचकर सहमे हैं कि अगर यह टुकड़ा कुछ कदम इधर-उधर गिर जाता, तो कई जानें जा सकती थीं। चश्मदीद सोमेंद्र यादव ने बताया, “बर्फ का टुकड़ा किसी बड़े पत्थर जितना लग रहा था। नीचे आते ही जोरदार आवाज हुई और वह टूटकर बिखर गया।” वहीं मजदूर वीर सिंह ने कहा, “इसका वजन करीब 50 किलो रहा होगा। हम ईंटें जमा कर रहे थे, अगर यह हमारे पास गिरता तो शायद कोई बचता ही नहीं।”
एसडीएम प्रेमपाल सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को जांच के लिए भेजा गया। फिलहाल किसी के घायल होने की जानकारी नहीं है। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि यह बर्फ आसमान से कैसे और कहां से गिरा—स्थानीय लोग इसे किसी विमान से गिरा ‘आइस चंक’ मान रहे हैं, लेकिन पुष्टि जांच के बाद होगी। घटना के बाद मजदूरों और ग्रामीणों में दहशत के साथ-साथ जिज्ञासा भी बनी हुई है।





