नेशनल डेस्क। वीकेंड ट्रिप के लिए होटल बुक करने निकली एक महिला पर्यटक से ऐसी गलती हो गई कि उसका चैट स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। महिला ने गलती से होटल की जगह बागियो सिटी महिला जेल के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर कमरा बुक करने का संदेश भेज दिया।
एक महिला पर्यटक की छोटी-सी ऑनलाइन गलती सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई। वीकेंड ट्रिप के लिए होटल तलाश रही महिला ने गलती से बागियो सिटी महिला जेल के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर ही कमरा बुक करने का संदेश भेज दिया। महिला ने मैसेज में पूछा, “क्या वीकेंड के लिए कोई यूनिट (कमरा) उपलब्ध है?” इस पर जेल प्रशासन ने विनम्रता से जवाब दिया, “मैडम, यह महिलाओं की जेल है।” जवाब पढ़ते ही महिला को अपनी गलती का एहसास हुआ और उसने तुरंत माफी मांग ली। महिला की अनुमति के बाद ब्यूरो ऑफ जेल मैनेजमेंट एंड पेनोलॉजी (BJMP) ने यह चैट सोशल मीडिया पर साझा कर दी, जो देखते ही देखते वायरल हो गई। यूजर्स ने मजेदार प्रतिक्रियाएं देते हुए इसे अब तक की सबसे हास्यास्पद ऑनलाइन बुकिंग गलती बताया। जेल प्रशासन ने पोस्ट के जरिए लोगों से अपील की कि होटल बुक करने या किसी भी संस्थान से संपर्क करने से पहले उसके आधिकारिक पेज की अच्छी तरह जांच करें। साथ ही हल्के-फुल्के अंदाज में यह भी कहा कि उनकी जेल “होटल नहीं है”, लेकिन लोगों से कैदियों द्वारा बनाए गए हस्तनिर्मित उत्पादों का समर्थन करने की अपील की।
