लखनऊ। राजधानी लखनऊ के बख्शी का तालाब क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में 12वीं की छात्रा से कथित दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। पीड़िता ने अस्पताल के डॉक्टर पर उपचार के दौरान बेहोशी का इंजेक्शन देकर दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार छात्रा को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते 18 मई को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि उपचार के दौरान डॉक्टर उसे ऑपरेशन थिएटर में ले गया और वहां मौजूद महिला कर्मचारियों तथा परिजनों को बाहर भेज दिया। इसके बाद डॉक्टर ने छात्रा को नशीला इंजेक्शन दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। पीड़िता के अनुसार होश आने पर उसे अपने साथ गलत हरकत होने का एहसास हुआ। इसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर छात्रा को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया है। साथ ही अस्पताल परिसर का निरीक्षण कर कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है।
घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने बख्शी का तालाब स्थित तेजस हॉस्पिटल को सील करने और आरोपी डॉक्टर विजय गिरी का मेडिकल लाइसेंस तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। उपमुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि आरोपी चिकित्सक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि वह भविष्य में किसी भी प्रकार की चिकित्सकीय जिम्मेदारी न निभा सके। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार पीड़ित छात्रा और उसके परिवार के साथ खड़ी है तथा आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
