प्रतापगढ़। जिले में युवक पर जानलेवा हमले के मामले में फरार समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संदीप विश्वकर्मा पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस के मुताबिक 14 अगस्त को सौरभ विश्वकर्मा की हत्या के बाद पोस्टमार्टम के दौरान एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया था।
जिले मे युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संदीप विश्वकर्मा की गिरफ्तारी पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस उपाधीक्षक (नगर) आशुतोष मिश्रा के अनुसार, 14 अगस्त को लीलापुर थाना क्षेत्र के मानापुर सिंधौर निवासी सौरभ विश्वकर्मा की हत्या के बाद पोस्टमार्टम के दौरान एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया था। मामले में जेठवारा थाना क्षेत्र के कटरा गुलाब सिंह निवासी संदीप विश्वकर्मा के खिलाफ नगर कोतवाली में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने सोमवार देर शाम आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की। समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी ने भी पुष्टि की है कि संदीप विश्वकर्मा समाजवादी पार्टी की शाखा लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं।
